उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का कहर जारी रहा। अधिकांश हिस्सों में तापमान काफी गिर गया और सर्द हवाओं ने ठिठुरन को बढ़ा दिया। वहीं मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 3 दिन के लिए उत्तर भारत के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ने का पूर्वानुमान जताया है। आईएमडी के अनुसार उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में अगले 3 दिन न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
आईएमडी के अनुसार अगले 3 दिनों तक दिल्ली, उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान चंडीगढ़ में कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान है। इसके साथ ही इन हिस्सों में तेज शीतलहर भी चलेगी। इससे यहां ठिठुरन भी बढ़ेगी। मौसम विभाग ने राजस्थान के कई इलाकों में शीत लहर के लिए येलो अलर्ट भी जारी किए हैं। वहीं कश्मीर के ज्यादातर हिस्सों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि के बाद लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली है।
वहीं सोमवार को लक्षद्वीप, अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश और गरज के साथ छींटे पड़े हैं। दिल्ली में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तथा इसमें और गिरावट होने की संभावना है। वहीं पंजाब और हरियाणा भी कड़ाके की ठंड का सामना कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना है और हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया ।
राजस्थान में शीत लहर जारी है और पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में कई इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किए हैं।