
प्रदेश में दिन का तापमान सामान्य से अधिक चल रहा है। वहीं रात के समय तापमान सामान्य है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार हिसार शहर का गुरुवार को अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस रहा और न्यूनतम तापमान सामान्य रहा।
एचएयू के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. एमएल खीचड़ ने बताया कि हरियाणा राज्य में आमतौर पर 6 मार्च तक मौसम खुश्क रहने रहने की संभावना है।

दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने परन्तु पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से देर रात्रि 6 मार्च व 7 मार्च को आंशिक बादलवाई, हवाएं चलने और उत्तरी हरियाणा के जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है।

राज्य के अन्य पश्चिमी व दक्षिणी जिलों में कुछ एक स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी ही संभावित है। 8 मार्च से मौसम खुश्क व उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से रात्रि तापमान में हल्की गिरावट होने की संभावना है।